कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में पशुधन के स्वास्थ्य और पशुपालकों की आजीविका को बेहतर बनाने के उद्देश्य से SECL के कुसमुंडा क्षेत्र ने जिला पशु चिकित्सालय, कोरबा के सुदृढ़ीकरण के लिए 49.35 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। यह राशि कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों के अंतर्गत प्रदान की जाएगी।
स्वीकृत राशि से जिला पशु चिकित्सालय में बाउंड्रीवॉल का निर्माण और अन्य आवश्यक सिविल कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही पशुओं की बीमारियों की बेहतर जांच और उपचार के लिए पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन तथा एक्स-रे मशीन भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन सुविधाओं के शुरू होने से पशु चिकित्सालय की जांच व्यवस्था मजबूत होगी और पशुओं की बीमारियों की पहचान करने में चिकित्सकों को सहायता मिलेगी। आधुनिक जांच उपकरणों की उपलब्धता से पशुओं के उपचार में सुविधा होने के साथ ही पशुपालकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
SECL कुसमुंडा क्षेत्र की इस पहल को जिले में पशु चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण और पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

