कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते सांप एवं अन्य वन्यजीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में घरों, आंगनों, वाहनों और आसपास के इलाकों में सांपों के दिखाई देने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। इस स्थिति को देखते हुए वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम कोरबा ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने कहा कि बारिश के मौसम में सांप अक्सर सूखे और सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों और बस्तियों के आसपास पहुंच जाते हैं। ऐसे में घबराने के बजाय सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, रात के समय टॉर्च का उपयोग करें तथा बच्चों को नंगे पैर बाहर न जाने दें।
रेस्क्यू टीम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे मारने या पकड़ने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।
सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में पड़ने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना चाहिए। समय पर इलाज से जान बचाई जा सकती है।
रेस्क्यू टीम ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों से इस जनहित संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
हेल्पलाइन नंबर:
8817534455
7999622151
“आपका परिवार सुरक्षित रहे, यही हमारी प्राथमिकता है।” – जितेंद्र सारथी, वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम कोरबा
Leave a Reply

