कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा-चांपा मुख्य सड़क पर ग्राम पंचायत पहंदा के पास देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। चांपा से कोरबा की ओर जा रही एक ट्रैलर अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और विपरीत लेन में जा घुसी। तेज रफ्तार ट्रैलर ने पहले सड़क के बीच लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ा और फिर सड़क किनारे बनी कंक्रीट की सुरक्षा रेलिंग को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे सड़क पर लगी दोहरी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह टूट गई।
घटना स्थल के पास ही रिहायशी इलाका मौजूद है, जिसकी दूरी करीब 100 मीटर बताई जा रही है। गनीमत रही कि ट्रैलर सड़क पर ही रुक गई जिससे किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया।
सुबह जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो ट्रैलर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी जबकि चालक मौके से फरार था। इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई है।

