कोरबा (ट्रैक सिटी)/ रक्षित केंद्र पुलिस लाइन दफ्तर में रविवार को तब हड़कंप मच गया जब एक अलमारी के पीछे 4 फीट लंबा कोबरा सांप कुंडली मारकर बैठा मिला। दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी की टीम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्नैक कैचर की टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिसकर्मियों के अनुसार, जब अलमारी खोली गई तो सांप की फुंकार सुनाई दी, जिससे उसकी मौजूदगी का पता चला।
सांप को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। पुलिस लाइन क्षेत्र नर्सरी से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां सांप निकलने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।
स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि कोबरा सांप बेहद खतरनाक और जहरीला होता है। हालांकि, इसकी एक खासियत यह भी है कि यह जल्दी किसी पर हमला नहीं करता। छेड़छाड़ करने या अचानक पैर लगने पर ही यह हमला करता है, जिससे मौत भी हो सकती हैं।

