कोरबा

19 मार्च से चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ, देवी मंदिरों में तैयारियां तेज।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ चैत्र नवरात्रि इस वर्ष 19 मार्च से प्रारंभ हो रही है। संवत्सर के अंतिम दिन से शुरू होने वाली यह नवरात्रि ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत शुभ मानी जा रही है। इस बार शुक्ल, ब्रह्म और सर्वार्थसिद्धि योग का विशेष संयोग बन रहा है, जिससे मां आदिशक्ति की आराधना को अत्यंत फलदायी माना जा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस वर्ष मां जगदंबा डोली पर सवार होकर आएंगी।

चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवरात्रि का शुभारंभ होगा। इस दिन अमावस्या तिथि उदयकाल में रहेगी, जबकि प्रतिपदा तिथि पूरे दिन रहेगी। इसी दिन हिन्दू नववर्ष का भी शुभारंभ होगा, जिसे जिले भर में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में कलश स्थापना और विशेष पूजा-अर्चना की तैयारी जोरों पर है। हसदेव तट स्थित मां सर्वमंगला मंदिर, मां मड़वारानी, छुरीकला स्थित मां कोसगई मंदिर, चैतुरगढ़ स्थित मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर तथा सीतामणी स्थित वैष्णो दरबार सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों को रंग-रोगन और आकर्षक झालर लाइटों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालु मनोकामना पूर्ति के लिए ज्योतिकलश प्रज्वलित कराने मंदिर पहुंच रहे हैं। इस वर्ष जिले के विभिन्न मंदिरों में लगभग 15 हजार से अधिक ज्योतिकलश प्रज्वलित होने की संभावना है।

पंडित महात्मा प्रसाद तिवारी ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।

पंडित महात्मा प्रसाद तिवारी के अनुसार कलश स्थापना के लिए पहला शुभ मुहूर्त सुबह 6:12 बजे से 8:12 बजे तक रहेगा। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:04 बजे से 1:10 बजे तक रहेगा। वहीं लाभ, अमृत और चर चौघड़िया का समय सुबह 11:46 बजे से दोपहर 3:36 बजे तक रहेगा। इस समय में भी विधि-विधान से कलश स्थापना करना शुभ माना गया है।

हिन्दू नववर्ष के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इसे लेकर हिन्दू क्रांति सेना द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों को रंग-बिरंगी झालर लाइटों, डिजाइनर झूमरों तथा भगवान श्रीराम, भक्त हनुमान और मां दुर्गा के बैनरों से सजाया जा रहा है।

यह शोभायात्रा सीतामणी स्थित श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होकर मेन रोड, पुराना बस स्टैंड और पावर हाउस रोड होते हुए टीपी नगर चौक में समाप्त होगी। शोभायात्रा में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियां, नृत्य-वाद्य दल और पारंपरिक कलाकार शामिल होंगे, जो आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button