एमसीबी

विश्व साइकिल दिवस पर मनेन्द्रगढ़ बना फिटनेस और पर्यावरण जागरूकता का केंद्र

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने साइकिल चलाकर दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, हजारों कदमों के साथ गूंजा फिट इंडिया का संकल्प

एमसीबी (ट्रैक सिटी)/ विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ का सुरभि पार्क फिटनेस, ऊर्जा और पर्यावरण जागरूकता का केंद्र बन गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित साइक्लिंग एवं ज़ुम्बा कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और हरित भविष्य का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने स्वयं साइकिल चलाकर नागरिकों को नियमित व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके साथ एसडीएम लिंगराज सिदार, 18वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के कमांडेंट संजय शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सुरभि पार्क में आयोजित ज़ुम्बा सत्र ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। संगीत की धुनों पर थिरकते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर खेल विभाग द्वारा कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, कमांडेंट संजय शर्मा, एसडीएम लिंगराज सिदार तथा निर्वाचन पर्यवेक्षक सतीश द्विवेदी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित साइक्लिस्ट एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक सतीश द्विवेदी रहे। उनकी प्रेरणादायी यात्रा और उपलब्धियों ने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से प्रभावित किया। वर्ष 1997 से अब तक लगभग 25 हजार किलोमीटर साइक्लिंग कर चुके सतीश द्विवेदी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया है। वर्ष 1997 में उन्होंने अपने साथियों के साथ मनेन्द्रगढ़ से नेपाल की राजधानी काठमांडू तक लगभग 1100 किलोमीटर की ऐतिहासिक साइकिल यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की थी।

उन्होंने अब तक करीब 450 स्कूलों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों में पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रेरक व्याख्यान दिए हैं। उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2022 में उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। उन्हें वर्ष 2025 में स्वामी विवेकानंद स्पिरिट अवॉर्ड तथा वर्ष 2026 में राष्ट्रीय उत्कृष्ट भारत प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी चर्चित पुस्तक साइकिल से हिमालय संस्मरण भी प्रकाशित हो चुकी है।

अपने संबोधन में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि साइक्लिंग स्वास्थ्य संवर्धन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम, साइक्लिंग और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन फिट इंडिया अभियान को जन-आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व योग आयोग उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक संदेश देकर विश्व साइकिल दिवस को यादगार बना दिया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button