कोरबा(ट्रैक सिटी)। विश्व हेपेटाइटिस दिवस (World Hepatitis Day) के अवसर पर 28 जुलाई 2026, मंगलवार को कोरबा में हेपेटाइटिस (यकृत शोथ) एवं लिवर से जुड़ी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नि:शुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ एवं अनुभवी आयुर्वेद विशेषज्ञ, नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा मरीजों की जांच कर नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श देंगे। डॉ. शर्मा को पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार से प्रशिक्षण प्राप्त है तथा उन्हें 20 वर्षों से अधिक का चिकित्सकीय अनुभव है। उन्होंने हजारों मरीजों का सफलतापूर्वक उपचार किया है।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना ने बताया कि हर वर्ष 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना है। समय पर जानकारी और उपचार से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों की नि:शुल्क जांच के साथ उन्हें आयुर्वेदिक उपचार संबंधी सलाह दी जाएगी। इसके अलावा विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की स्थिति के अनुसार योगाभ्यास और प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी कराया जाएगा, जिससे लिवर संबंधी समस्याओं में लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को लिवर के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी ‘यकृत बूस्टर क्वाथ’ नि:शुल्क पिलाया जाएगा। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या और विहार से संबंधित विस्तृत मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। लिवर की देखभाल एवं हेपेटाइटिस से बचाव संबंधी स्वास्थ्य पुस्तिका भी नि:शुल्क वितरित की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना भी है, ताकि वे समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकें।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट ने जिले एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर में सुविधाजनक समय पर जांच कराने के लिए इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर पूर्व पंजीयन करा सकते हैं

