नमामि हसदेव सेवा समिति की ओर से हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों तथा अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और उनके संरक्षण के उद्देश्य से लगातार पहल की जा रही है। प्रत्येक माह पूर्णिमा के अवसर पर मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में सोमवार 26 अक्टूबर को सायं 5 बजे मां सर्वमंगला घाट पर हसदेव आरती का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में नूतन सिंह ठाकुर, सभापति, नगर पालिक निगम, कोरबा शामिल हुए। वहीं, विशिष्ट यजमान के रूप में श्रीमती भानुमती जायसवाल, महापौर परिषद सदस्य, नगर पालिक निगम, कोरबा; सुनील यादव, सचिव, जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा; डॉ. संजय वैष्णव, कोषाध्यक्ष, आयुष मेडिकल एसोसिएशन, कोरबा तथा श्रीमती मथुरा चन्द्रा, पार्षद, नगर पालिक निगम, कोरबा की सहभागिता रही। जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को सामाजिक सहभागिता से जोडऩे का संदेश दिया।
ज्ञात रहे कि नमामि हसदेव सेवा समिति की इस पहल में पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित आरती के जरिए श्रद्धालुओं को नदी के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया जाता है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उल्लेखनीय है कि हसदेव नदी को कोरबा जिले की जीवनदायिनी नदी माना जाता है। नदी और उसके प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। नदियों में प्रदूषण कम करने, जल स्रोतों को सुरक्षित रखने और नदी तटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। नमामि हसदेव सेवा समिति की ओर से नियमित रूप से आयोजित की जाने वाली आरती इसी उद्देश्य को धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास है।
- जितेन्द्र सिंह राजपूत
- जितेन्द्र सिंह राजपूत

