कोरबा

SECL सीएमडी हरीश दुहन ने गेवरा मेगा माइन का किया निरीक्षण, उत्पादन और प्रेषण बढ़ाने पर दिया जोर।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने गेवरा मेगा माइन का दौरा कर खनन गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागीय एवं आउटसोर्सिंग पैचों में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और कोयला उत्पादन, प्रेषण तथा ओवरबर्डन (मिट्टी एवं चट्टानों की ऊपरी परत) हटाने की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने आगामी तीन वर्षों की कोयला उत्पादन एवं प्रेषण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप खनन गतिविधियों की योजना बनाना आवश्यक है, ताकि उत्पादन में निरंतरता बनाए रखने के साथ कोयले की मांग के अनुसार आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अगले मानसून की तैयारियां अभी से शुरू करने और इसके लिए आवश्यक संसाधनों, व्यवस्थाओं तथा कार्यों की अग्रिम योजना बनाने के निर्देश दिए।

गेवरा मेगा माइन के विस्तार से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करते हुए हरीश दुहन ने आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने नरईबोध एवं भिलाई बाजार सहित संबंधित गांवों में भूमि और विस्थापन से जुड़े विषयों की स्थिति की भी समीक्षा की। खदान के विस्तार तथा भविष्य की उत्पादन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए इन मामलों में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने पर जोर दिया गया।

दौरे के दौरान सीएमडी ने साइलो क्रमांक 5 एवं 6 के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साइलो निर्माण को समय पर पूरा करने और खदान से कोयले के प्रेषण की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

दोपहर में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएमडी ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ कोयला उत्पादन एवं प्रेषण बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने आउटसोर्सिंग कार्यों में लगे ठेकेदारों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए बेहतर समन्वय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और कार्यों की नियमित निगरानी की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करते हुए निर्धारित उत्पादन एवं प्रेषण लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button