रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। सेजेस माधवराव सप्रे उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक शाला, बूढ़ापारा रायपुर में 27 अक्टूबर 2026 को सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में गिरीश कुमार मंडावी, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश द्वितीय, FTSC (POCSO), रायपुर ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, ऑनलाइन सुरक्षा, किसी अप्रिय घटना की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
न्यायाधीश श्री मंडावी ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) सहित बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को जागरूक और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों को जानने, किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने तथा जरूरत पड़ने पर उचित सहायता लेने के महत्व से अवगत कराया।
‘कानून जानो, बचपन बचाओ’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था की प्राचार्या डॉ. श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव एवं लेखराम यादव का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता नीलम सोनी ने किया।
इस विधिक जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, कानूनी अधिकारों और बाल संरक्षण संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

