एमसीबी

एमसीबी में 17 सितंबर को जलेगा आभार का उजियारा, लाखों दीपों से रोशन होंगे गांव-शहर

आशीर्वाद का दीया’ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को नमन, घर-घर से सरोवरों तक दिखेगी जनभागीदारी

एमसीबी(ट्रैक सिटी)/ 17 सितंबर की शाम मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण की 25 वर्षों की यात्रा के प्रति कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति के रूप में जिले में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर घर-घर दीप जलेंगे तो गांवों, शहरों, सरोवरों और तालाबों में भी दीपों की कतारें नजर आएंगी।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को जिले में व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। जनपद पंचायत खड़गवां, मनेन्द्रगढ़ और भरतपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में दीपों का वितरण किया जा रहा है। पंचायतों के माध्यम से नागरिकों तक दीप पहुंचाए जा रहे हैं, ताकि 17 सितंबर की शाम अधिक से अधिक परिवार इस सामूहिक आयोजन का हिस्सा बन सकें।

हर घर जलने वाला दीप केवल रोशनी नहीं, बल्कि आभार, शुभकामना, सकारात्मकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगा। दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की मंगलकामना की जाएगी।

गांव से शहर और तालाबों तक दीपों की रोशनी

मनेन्द्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर विकासखंड के अनेक गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। कटकोना, कठौतिया, बिहारपुर, खड़गवां, हरचौका, माड़ीसरई, डोमहरा, गिद्धमुड़ी, दुग्गी, उधनापुर, देवाडांड, लकड़ापारा, शिवपुर, चिरमिरी, परसगढ़ी और बेलबहारा सहित अनेक क्षेत्रों में नागरिक सामूहिक रूप से दीप जलाएंगे।

कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि दीपों की रोशनी घरों तक सीमित नहीं रहेगी। जिले के विभिन्न ’’सरोवरों और तालाबों में भी हजारों दीप प्रज्वलित’’ किए जाएंगे। जल में झिलमिलाते दीपों का दृश्य जनभागीदारी और एकजुटता का संदेश देगा। वृद्धाश्रमों में भी दीप प्रज्वलित कर बुजुर्गों के बीच सम्मान, अपनत्व और सहभागिता की भावना को मजबूत किया जाएगा।

25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को नमन

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जोड़ा गया है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने से लेकर 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने और वर्ष 2019 तथा 9 जून 2024 को पुनः प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने तक की उनकी सार्वजनिक यात्रा को इस अभियान के माध्यम से स्मरण किया जा रहा है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनसेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में लाभार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। 17 सितंबर की शाम एमसीबी में घर-घर जलता दीप इस जनभागीदारी अभियान का संदेश देगा-एक दीप आभार का, एक दीप आशीर्वाद का और एक दीप राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के नाम।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button