बिलासपुर

एसईसीएल विश्वकर्मा अवार्ड्स में 75 श्रमवीरों का सम्मान, स्वच्छता कर्मियों को भी मिला सम्मान।

बिलासपुर(ट्रैक सिटी)। भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मुख्यालय बिलासपुर में द्वितीय ‘एसईसीएल विश्वकर्मा अवार्ड्स’ समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एसईसीएल की खदानों और परिचालन गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 नियमित एवं संविदा कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता ही सेवा तथा स्पेशल कैम्पेन 6.0 के तहत स्वच्छता एवं कार्यस्थलों को स्वच्छ-सुव्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना (अतिरिक्त प्रभार) नृपेंद्र नाथ सहित संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति और श्रमसंघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा सिस्टा, ओबीसी, एससी-एसटी एवं विभिन्न एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, विभागाध्यक्षों तथा संचालन क्षेत्रों से पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों ने समारोह में भाग लिया।

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित इस सम्मान समारोह में खदानों में ऑपरेशन, मेंटेनेंस, सुपरवाइजरी और अन्य तकनीकी कार्यों में बेहतर योगदान देने वाले कर्मियों को उनके श्रम, कार्यकुशलता और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। एसईसीएल विश्वकर्मा अवार्ड्स का यह दूसरा संस्करण है। इसके माध्यम से कंपनी खदानों और परिचालन क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों के योगदान को पहचान और सम्मान देने का प्रयास कर रही है।

समारोह को संबोधित करते हुए एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं। खनन उद्योग में कार्यरत श्रमवीर अपने कौशल और परिश्रम के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर श्रमवीरों को सम्मानित करना उनके योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की ओर से कोयला श्रमिकों के लिए भेजे गए संदेश का भी पाठ किया गया। संदेश में देश की ऊर्जा सुरक्षा और विकास में कोयला श्रमिकों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके परिश्रम, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

समारोह में स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। स्वच्छता ही सेवा और स्पेशल कैम्पेन 6.0 के तहत एसईसीएल मुख्यालय तथा विभिन्न संचालन क्षेत्रों में स्वच्छता, कार्यस्थलों को व्यवस्थित रखने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों में लंबित मामलों के निपटारे, उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन और ई-वेस्ट के प्रभावी प्रबंधन जैसे कार्य भी शामिल हैं।

एसईसीएल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कर्म, कौशल और स्वच्छता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। समारोह के माध्यम से खदानों में प्रत्यक्ष रूप से कार्य करने वाले कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देने के साथ ही सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यस्थल के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button