कोरबा

तेज आंधी में ढहा विशाल पेड़, तीन घरों को पहुंचा भारी नुकसान।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में बुधवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया। तेज आंधी और तूफान के बीच वार्ड क्रमांक 20 नेहरू नगर, बाकी मोगरा नगर पालिका क्षेत्र स्थित छठ घाट के पास एक विशाल सेमहर का पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ सीधे रिहायशी मकानों पर गिरने से तीन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे तेज हवाओं के साथ आंधी शुरू हुई। कुछ ही देर में इलाके में खड़ा पुराना सेमहर का पेड़ जड़ से उखड़कर मकानों पर गिर पड़ा। हादसे के समय घरों में लोग मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

पेड़ गिरने से जोहन पटेल, जानकी धीवर और नारायण के मकानों को नुकसान पहुंचा है। मकानों की छत टूट गई, जबकि दीवारों और घर के अन्य हिस्सों को भी क्षति पहुंची है। कई घरेलू सामान दबकर खराब हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों की मदद में जुट गए।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में कई पुराने और कमजोर पेड़ मौजूद हैं, जो तेज आंधी के दौरान खतरा बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे पेड़ों की जांच कर समय रहते कटाई या छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में कुछ समय तक बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने मौके का जायजा लिया। प्रभावित परिवारों ने नुकसान का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button