कोरबा (ट्रैक सिटी) कोरबा-चाम्पा सड़क मार्ग अंतर्गत ग्राम उरगा गुमिया के पास भारतमाला मुख्य मार्ग पर एक सड़क हादसे में आईसीआईसीआई बैंक के एक कर्मचारी की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा हैं की उनका वाहन मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। घायल चालक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।
मृतक की पहचान कोरबा पुरानी बस्ती, दुरपा रोड निवासी प्रज्वल राठौर (26) के रूप में की गयी हैं। वह आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत थे और मूल रूप से सक्ती के पासिद (सुआ डेरा) के रहने वाले थे, वह पिछले कई सालों से कोरबा में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि वे कोरबा से रायपुर किसी परिचित को देखने हॉस्पिटल जा रहे थे। भारतमाला मार्ग पर अचानक एक मवेशी सामने आ गया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मवेशी की भी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद कार के एयरबैग खुल गए थे।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मुख्य मार्ग पर अक्सर मवेशी घूमते रहते हैं और सड़क पार करते हैं, जिसके कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है।सिविल लाइन थाना पुलिस ने अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आज दोपहर ग्राम पासिद (सुआ डेरा) में उनका अंतिम संस्कार किया गया |

