कोरबा

बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ऐतमानगर में तीन घरों में चोरी, नकदी-जेवरात समेत हजारों का सामान पार, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ऐतमानगर (बाजार मोहल्ला, बैरियर के पास) में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और घरेलू सामान पार कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त तथा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले अनीता नायर के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। यहां अलमारी में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद, आवास निर्माण के लिए जमा रकम, पीतल के बर्तन, सोने-चांदी के जेवरात और बैंक पासबुक चोरी कर ली गई। इसके बाद चोरों ने तेंदुकोनिया के घर से 4500 रुपये और दिल्हारण के घर से 800 रुपये नकद पार कर लिए।

इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने घरों में काफी समय बिताया। उन्होंने रसोई में रखा बचा हुआ खाना भी खाया और बाद में कुछ दूरी पर उसे फेंककर फरार हो गए। वारदात के दौरान घर के सदस्य गहरी नींद में सोते रहे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।

घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में रात्रि गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल बांगो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button