कोरबा

मानिकपुर के बालक आश्रय गृह से दो बालक लापता, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। मानिकपुर क्षेत्र में तिवारी फार्म के समीप संचालित बालक आश्रय गृह (खुला) से दो नाबालिग बालकों के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना के बाद कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर दोनों बालकों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आश्रय गृह के सामाजिक कार्यकर्ता देवी प्रसाद देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई है कि आश्रय गृह में रामसागर पारा निवासी 10 वर्षीय सोम सतनामी, पिता संतोष दास तथा गाड़ाघाट, कोरबा निवासी 13 वर्षीय अनिक बिंझवार, पिता मोनू बिंझवार रह रहे थे। 15 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे दोनों बालक कपड़े सुखाने के लिए आश्रय गृह की छत पर गए थे। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे।

काफी देर तक दोनों के वापस नहीं आने पर आश्रय गृह के कर्मचारियों ने आसपास उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति दोनों बालकों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया होगा।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों बालकों के संबंध में संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button