रायपुर

रायपुर में नशीली टैबलेट और प्रतिबंधित सिरप के साथ तीन गिरफ्तार, 900 निट्रोसन टैबलेट और 77 शीशी ऑनरेक्स जब्त।

रायपुर(ट्रैक सिटी)। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सरस्वती नगर पुलिस ने कोटा क्षेत्र के वाटिका नगर रोड के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 900 नग नशीली टैबलेट निट्रोसन (Nitrosun), 77 शीशी प्रतिबंधित सिरप ऑनरेक्स (ONEREX), 4,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को सरस्वती नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा स्थित वाटिका नगर रोड के पास दोपहिया वाहन में तीन व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और कफ सिरप लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारी को सूचना की तस्दीक कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरस्वती नगर पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहन की तलाश शुरू की। हुलिए और वाहन के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों की पहचान कर घेराबंदी की और उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आर्यन खान उर्फ रूशान खान, सलमान खान और शेख युसुफ बताया।

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे में रखी बोरियों की तलाशी ली तो बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और सिरप बरामद हुआ। आरोपियों से नशीली दवाओं को रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों ने टीम को गुमराह करने का भी प्रयास किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 900 नग निट्रोसन नशीली टैबलेट, 77 शीशी ऑनरेक्स सिरप, 4,200 रुपये बिक्री रकम और बुलेट वाहन क्रमांक CG 04 KS 8663 जब्त किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में अपराध क्रमांक 201/26 दर्ज किया है। प्रकरण में धारा 21(सी), 22(ग) और 29 नारकोटिक एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब आरोपियों से नशीली दवाओं की सप्लाई के स्रोत और खरीदी-बिक्री से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कहां से की गई और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपियों में आर्यन खान उर्फ रूशान खान पिता नसीम खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी सरकारी स्कूल के पीछे कोटा, थाना सरस्वती नगर रायपुर; सलमान खान पिता रहीम खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी संजय नगर बकरा मार्केट, थाना टिकरापारा रायपुर; और शेख युसुफ पिता स्वर्गीय शेख जब्बार, उम्र 40 वर्ष, निवासी नयापारा बिजली ऑफिस फुल चौक, थाना गोलबाजार रायपुर शामिल हैं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button