कोरबा

शव विच्छेदन केंद्र के पास पानी में दिखा 5 फीट का नाग, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिला अस्पताल के शव विच्छेदन केंद्र के पास निर्माणाधीन स्थल पर करीब 5 फीट लंबा भारतीय नाग दिखाई देने से हड़कंप मच गया। नाग पानी के अंदर जाकर बैठ गया था, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई।
लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सुपरवाइजर देव यादव ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख (नोवा नेचर) एवं वन विभाग सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पानी के अंदर बैठे नाग को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। जितेंद्र सारथी और उनकी टीम ने अनुभव एवं सतर्कता के साथ सांप को सुरक्षित बाहर निकाला और थैले में रखा। रेस्क्यू के दौरान लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। सफल रेस्क्यू के बाद कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू के बाद नाग को उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि सांप पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से इंसान और वन्यजीव दोनों की जान बचाई जा सकती है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button