कोरबा (ट्रैक सिटी)। बरपाली तहसील के बाजार मोहल्ला स्थित मां मड़वारानी मंदिर से जैत-स्तम्भ तक अडानी (लैको अमरकंटक) के CSR मद से करीब 15–16 लाख रुपए की लागत से निर्मित CC सड़क के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि संदीप शर्मा ने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच और दोषी एजेंसी व संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि निर्माण पूरा होने के महज तीन माह के भीतर पहली ही बारिश में सड़क कई जगह पूरी तरह उखड़ गई। इसे निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग का प्रमाण बताया गया है।
सांसद प्रतिनिधि ने पत्र में निर्माण एजेंसी तथा देखरेख के लिए जिम्मेदार कंपनी के संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान Quality Check और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी निभाने वालों ने अपने दायित्व का उचित ढंग से पालन नहीं किया।
आवागमन भी प्रभावित
पत्र के अनुसार यह मार्ग मड़वारानी मंदिर और जैत-स्तंभ के साथ स्कूली बच्चों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क उखड़ने और जगह-जगह गड्ढे बनने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चार प्रमुख मांगें
पत्र में कलेक्टर से स्वतंत्र विशेषज्ञों की टीम गठित कर सड़क की गुणवत्ता और निर्माण सामग्री की निष्पक्ष तकनीकी जांच, दोषी ठेकेदार/निर्माण एजेंसी एवं संबंधित कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई, निर्माण में हुए नुकसान की Financial Recovery तथा सड़क का नए सिरे से मानक स्तर पर मजबूत निर्माण कराने की मांग की गई है।
पत्र में कहा गया है कि यदि मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं होती है तो ग्रामीण जनहित में आवश्यक कदम उठाने को बाध्य होंगे। पत्र की प्रतिलिपि अडानी (लैको अमरकंटक) के प्रबंधक को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

